Skip to main content

तब्दीली

यहाँ हर कोई तब्दीली की बात करता है लेकिन यह तब्दीली होगी क्या, क्यों होगी और कैसे होगी यह बात क्यों नहीं होती। कोई कहता है के हर चीज़ नयी होनी चाहिए तो कोई कहता है के पुरानी चीज़ें फिर से वापस आनी चाहिएं, किसी का यह ख्याल है के कुछ बदलना ही नहीं चाहिए तो कोई कहता है के सब कुछ बदल जाना चाहिए। किसी को चीज़ों के बदलने का इंतेज़ार है तो कोई उन चीज़ों का इंतेज़ार कर रहा है जो बदल चुकी हैं, कोई इन बदलावों से परेशान है तो कोई इनसे बहुत खुश है।
तब्दीली कभी नए क़ानून हैं तो कभी नयी रस्में, कभी नए रासते तो कभी नयी मंज़िलें, कभी नयी उम्मीदें तो कभी नए ख्वाब।
कोई कहता है के तबदीली आ तो गयी है लेकिन दिखाई नहीं देती, इसको दिखाई देने में थोड़ा वक़्त लगेगा, कहीं ऐसा ना हो के यह तब्दीली दिखाई देने से पहले ही ख़त्म हो जाए और जिस तब्दीली का हमें ख्वाब दिखाया गया था वो इक झूठा ख्वाब बनकर रह जाए। क्या वो सारे वादे झूठे थे, क्या ख्वाब दिखाने वाला जानता था के ये दिन नहीं बदलेंगे, क्या वह जानता था के वह खुद ही बदल जाएगा, क्या उसकी इन बदली हुई बातों से फिर से कोई तब्दीली आएगी या लोग फिर किसी नए धोके से दो-चार होंगे।
वक़्त के साथ सब कुछ बदल जाएगा, तेरे हुस्न का भी यह नाज़ ख़त्म हो जाएगा, तेरी यह मधहोश जवानी भी ढल जाएगी, तेरा ये बात-बात पे मुस्कुराना तुझे बहुत रुलाएगा, तेरी ये सजने-सँवरने की आदत भी छूट जाएगी, तुझे अपनी बदली हुई सूरत बहुत सताएगी, तेरे इस खिलते हुए चेहरे की भी रंगत बदल जाएगी, तेरा यह आईने से इश्क़ भी ख़त्म हो जाएगा, तेरा यह महकता हुआ आँचल भी तेरे किस काम का होगा। मेरे भी ये बेबाक़ क़दम ज़मीन पे आहिस्ता-आहिस्ता पड़ेंगे, मेरा भी यह ख्याल के वक़्त मेरी मुट्ठी में है-यह वक़्त मेरे हाथों से निकल जाएगा, मैं भी शायद कभी इन रास्तो पे अपने क़दमों के निशान तलाश करूँगा, यह नज़र जो आज आसमानों में सितारे तलाश करती है यह कभी ज़मीन में खोयी हुई चीज़ें ढूंढा करेगी, शायद कुछ अपने हमसे दूर हो जाएंगे, शायद कुछ लोग हमसे बिछड़ जाएंगे। इससे पहले यह वक़्त हमको भी जुदा कर दे क्यों ना इन चाँदनी रातों में कुछ चाँद सी बातें करें, कभी मैं कोई ख्वाब दिखाऊं तो कभी तुम कोई वादा करो, इससे पहले ये दिन बदल जाएँ क्यों ना कुछ सुनहरी यादें अपने साथ ले लें जो कभी ना बदलें, जिनकी याद कभी हंसाए तो कभी रुलाए, जो कभी दिल को बहलाए तो कभी तड़पाए, तेरा साथ हो या ना हो कुछ बातें कुछ यादें हमेशा साथ हों।
वैसे तो यह क़ायनात हर लम्हे में बदल जाती है, जो इस पल है वो अगले पल नहीं होता, जो आज है वो कल नहीं रहता, जो गुज़र जाता है फिर वापस नहीं आता और अगर आता भी है तो वो भी बदला हुआ ही होता है।
जब बदलाव क़ुदरत का एक नियम है तो हमें इससे डर कैसा, क्यों ना इस बदलाव का सामना किया जाए, क्यों ना इसको समझा जाए के यह तब्दीली ज़रुरत पर होगी या बेज़रूरत, किसी के गम दूर करने के लिए होगी या किसी के ऐशो-आराम के लिए, यह किसी को फायदा पहुँचाने के लिए होगी या किसी को नुक्सान से बचाने के लिए, यह तब्दीली ज़ुल्म करेगी या इन्साफ की आवाज़ बनेगी, दिलो का सुकून बनेगी या फिर दिलो की तड़प का सबब।
जब बदलाव आना ही है तो क्यों ना इस बदलाव में शामिल हुआ जाए, क्यों ना इस बदलाव का हिस्सा बना जाए और ऐसी तब्दीली लाई जाए जिससे कोई नाराज़ ना हो, जिससे किसी का नुक्सान ना हो, जिसमें नयी चीज़ें तो हों लेकिन गुज़रे वक़्त की चीज़ों की भी कहानियाँ शामिल हों और आने वाले वक़्त की निशानियाँ भी, जिसमें एक ऐसी रौशनी हो जो अंधेरों को ख़त्म तो करे लेकिन किसी की आँखों की चुभन ना हो।

Ishrat Alig

Comments

Popular posts from this blog

सवाल-जवाब:

 ~  मैं यह सोचता हूँ कि ये सवाल-जवाब क्या हैं? क्या हर सवाल का जवाब मिल सकता है? क्या हर सवाल का जवाब दे देना चाहिए? क्या किसी को हर सवाल पूछ लेना चाहिए? क्या किसी का सवाल दूसरे का जवाब नहीं हो सकता? क्या किसी के जवाब से सवाल पैदा नहीं होते? क्या कभी किसी सवाल का जवाब न देने में ही उसका जवाब छुपा होता है? क्या कोई जवाब सवाल से भी अच्छा हो सकता है? या ये सवाल ही है जो जवाब को अच्छा बना देता है? अगर सवाल इतना अच्छा है तो इसका जवाब ही क्यों दया जाए? क्यूँ न ऐसे सवाल को ला-जवाब रखा जाए? क्या जवाब के मिल जाने से सवाल की एहमियत कम हो जाती है? या फिर जवाब न देने पर सवाल की क़दर ख़त्म हो जाती है? क्या कोई सवाल ऐसा हो सकता है जिसका कोई जवाब ना हो? क्या कोई जवाब ऐसा दे सकता है जिसपे कोई सवाल न हो? क्या हमारी ज़िंदगी सवालों और जवाबों के सिवा कुछ भी नहीं? क्या यह ज़िंदगी खुद एक सवाल है? क्या मौत ही इस ज़िंदगी का जवाब ह? जब ये ज़िन्दगी-मौत ही सवाल-जवाब हैं तो हम इसे लेकर इतने परेशान क्यों हैं? कोई किसी जवाब की तलाश में है तो कोई किसी सवाल से दूर हो जाना चाहता है, किसी के पास सवाल करने का हुन...

क़ानून-ऐ-क़ुदरत:

इस दुनिया के ये कैसे क़ानून हैं, के यहाँ जब एक मर्द धोका खाता है तो वो मिलता है किसी मैख़ाने में, वीराने में, किसी मंदिर या किसी मस्जिद में, या फिर किसी आश्रम में। लेकिन जब एक औरत धोखा खाती है तो वो मिलती है किसी तवायफ के कोठे पे, ज़माने की ठोकरों में, या फिर जीतेजी एक जहन्नुम में। कहते हैं सब कुछ बदल गया, दुनिया बदल गयी, ज़माना बदल गया, इंसान के तौर-तरीके बदल गए, इंसानी साज़-ओ-सामान बदल गया। हाँ बदला तो बहुत कुछ है लेकिन क्या इन्साफ बदल सकता है, क्या क़ातिल मज़लूम बन सकता है, क्या राक्षस को देवता कह सकते हैं, क्या जान लेने वाला जान बचाने वाले से बड़ा बन सकता है। ये इंसान के बनाये हुए कानून हैं, जो बदलते रहते हैं। ऐसा हर कानून ख़त्म हो जायेगा जो क़ानून-ए-क़ुदरत के खिलाफ बनेगा। और ऐसे कानून को एक दिन खत्म होना ही होगा। इंसानी तारीख ने न जाने कितने ऐसे क़ानून देखे हैं। कभी चिताओं में जलती हुई ज़िंदा औरतें, सरे-बाज़ार बिकते हुए लोग, पैदा होते ही दफ़न होती हुई मासूम बच्चियाँ,सफ़ेद कपड़ों में लिपटी हुईं ज़िंदा देवियां, इंसान की कमर से बंधी हुई झाड़ूएं, एक ख़ास तबके के लिए इबादतगाह के बंद दरवाजे। ये सब यह...

तस्वीर और अल्फ़ाज़:

जब भी किसी तस्वीर को देखता हूँ तो ज़ेहन में कुछ अल्फ़ाज़ आ जाते हैं, ऐसा महसूस होता है जैसे तस्वीर ने ही कुछ कहा हो, जैसे तस्वीर बात कर रही हो। फिर ये ख्याल आता है कोई और इसको देखेगा तो कुछ और ही सोचेगा। अगर ये तस्वीर बोलती है तो कुछ और ही सुनेगा। कुछ लोग ये दावा करते हैं के वो तस्वीर को पढ़ना जानते हैं, तो हर पड़ने वाला कुछ अलग ही पड़ेगा। कहते हैं के लिखे हुए अल्फ़ाज़ को तो सब पड़ लेते हैं लेकिन तस्वीर पे तो कुछ भी नहीं लिखा फिर लोग इसे कैसे पड़ते हैं। फिर इस बात का ख्याल आता है के लिखे हुए को पड़ तो सब लेते हैं पर ज़रूरी नहीं सब समझ भी लेते हों। तस्वीर को देखते तो सभी हैं पर ज़रूरी नहीं सब इसे पड़ भी लेते हों। हर तस्वीर बनाने वाला यही सोचता होगा के उसकी तस्वीर यादगार बन जाए और इससे भी ज़्यादा ये सोचता होगा के कोई इसको समझे और बताये यह तस्वीर क्या कहती है, क्या दास्तान बयां करती है। तस्वीर पे ना कुछ लिखा होता है न इसकी कोई ज़ुबाँ होती है फिर भी हर पड़ने वाला इसको पड़ लेता है। यहाँ कोई चेहरे को तस्वीर की शक्ल देना चाहता है तो कोई तस्वीर को लफ़्ज़ों में उतारना चाहता है, कोई नयी तस्वीर बनाना चाहता है त...