Skip to main content

इत्तेफ़ाक़:

लोग अक्सर कहते हैं के इत्तेफ़ाक़ से ऐसा हो गया लेकिन क्या हमने कभी सोचा है के इत्तेफ़ाक़ से होने वाला कुछ भी महज़ एक इत्तेफ़ाक़ ही होता है या किसी कहानी का एक सिलसिलेवार पहलू। कोई कहानी ही इत्तेफ़ाक़ से होने वाली चीज़ों को अपने अंदर समां लेती है या ये इत्तेफ़ाक़ किसी कहानी की एहम कड़ियाँ होती हैं जो कहानी के साथ ऐसी जुड़ जाती हैं मानो इस कहानी को लिखने वाले ने इनको ख़ास तरीक़े से लिखा हो। कभी इत्तेफ़ाक़ से कोई अजनबी मिल-जाता है तो कभी इत्तेफ़ाक़ कोई अपना बिछड़ भी जाता है, कभी इत्तेफ़ाक़ से कोई कहानी बन जाती है तो कभी कोई बिगड़ जाती है, कभी कोई इत्तेफ़ाक़ किसी की जान बचा लेता है तो कभी किसी की जान ले-लेता है।
किसी से मिलना इत्तेफ़ाक़न हो सकता है लेकिन किसी से बिछड़ना तो मजबूरन या इरादातन ही होता है, तो क्या ये मुमकिन है के हमारा मिलना भी इरादातन ही हुआ हो और हमे इसका इल्म ही न हो, ऐसा भी तो हो सकता है के जिसे हम इत्तेफ़ाक़ समझ रहे हैं वो दूसरे का इरादा रहा हो या फिर दोनों के लिए होने वाला कोई इत्तेफ़ाक़ किसी तीसरे की कोई साज़िश हो।

कभी-कभी किसी अजनबी जगह या अजनबी इंसान से मिलकर ऐसा लगता है जैसे ये अजनबी न हो, जैसे इनसे हमारा कोई पुराना रिश्ता हो, जैसे ज़िन्दगी इन रास्तों से पहले गुज़र चुकी हो, जैसे ये अजनबी लोग हमेशा से हमारी ज़िन्दगी का हिस्सा थे।
न-जाने कितने काम हमारी हज़ारों कोशिशों के बाद भी नहीं हो पाते और कुछ इत्तेफ़ाक़ से ही हो जाते हैं, जब उनको होना ही नहीं था तो हमने कोशिशें क्यों कीं, कहीं ऐसा तो नहीं हमारी वो नाकाम कोशिशें हमें किसी हसीं इत्तेफ़ाक़ की तरफ ले गयीं हों और हम ये समझ ही न सके हों के जिन कोशिशों को हम नाकाम समझ रहे थे उनसे कुछ दिलचस्प इत्तेफ़ाक़ जुड़े थे।
तो क्या कोशिशों की नाकामी के डर से हमें कोशिशें छोड़ देनी चाहियें या फिर नाकाम कोशिश करते हुए किसी खूबसूरत इत्तेफ़ाक़ का इंतज़ार करना चाहिए। कोशिशें हम छोड़ नहीं सकते और इत्तेफ़ाक़ से हम बच नहीं सकते तो क्यों ना नाकाम कोशिश को एक इत्तेफ़ाक़ और किसी हंसी इत्तेफ़ाक़ को एक कामयाब कोशिश समझ कर क़ुबूल कर लिया जाए।
क्या ये ज़िन्दगी एक इत्तेफ़ाक़ थी, क्या मौत इत्तेफ़ाक़ हो सकती है। जब ये ज़िन्दगी और मौत इत्तेफ़ाक़ नहीं तो फिर इनके दरमियान होने वाली चीज़ें इत्तेफ़ाक़ कैसे हो सकती हैं, कहीं ऐसा तो नहीं के हमारी ज़िन्दगी के ये इत्तेफ़ाक़ दुनिया के इस कारवां का हिस्सा हों और जिनको हम महज़ एक ख्वाब या हादसा समझ लेते हैं वो इस कारवां की ही कोई मंज़िल हो।

Ishrat Alig

Comments

Popular posts from this blog

सवाल-जवाब:

 ~  मैं यह सोचता हूँ कि ये सवाल-जवाब क्या हैं? क्या हर सवाल का जवाब मिल सकता है? क्या हर सवाल का जवाब दे देना चाहिए? क्या किसी को हर सवाल पूछ लेना चाहिए? क्या किसी का सवाल दूसरे का जवाब नहीं हो सकता? क्या किसी के जवाब से सवाल पैदा नहीं होते? क्या कभी किसी सवाल का जवाब न देने में ही उसका जवाब छुपा होता है? क्या कोई जवाब सवाल से भी अच्छा हो सकता है? या ये सवाल ही है जो जवाब को अच्छा बना देता है? अगर सवाल इतना अच्छा है तो इसका जवाब ही क्यों दया जाए? क्यूँ न ऐसे सवाल को ला-जवाब रखा जाए? क्या जवाब के मिल जाने से सवाल की एहमियत कम हो जाती है? या फिर जवाब न देने पर सवाल की क़दर ख़त्म हो जाती है? क्या कोई सवाल ऐसा हो सकता है जिसका कोई जवाब ना हो? क्या कोई जवाब ऐसा दे सकता है जिसपे कोई सवाल न हो? क्या हमारी ज़िंदगी सवालों और जवाबों के सिवा कुछ भी नहीं? क्या यह ज़िंदगी खुद एक सवाल है? क्या मौत ही इस ज़िंदगी का जवाब ह? जब ये ज़िन्दगी-मौत ही सवाल-जवाब हैं तो हम इसे लेकर इतने परेशान क्यों हैं? कोई किसी जवाब की तलाश में है तो कोई किसी सवाल से दूर हो जाना चाहता है, किसी के पास सवाल करने का हुन...

क़ानून-ऐ-क़ुदरत:

इस दुनिया के ये कैसे क़ानून हैं, के यहाँ जब एक मर्द धोका खाता है तो वो मिलता है किसी मैख़ाने में, वीराने में, किसी मंदिर या किसी मस्जिद में, या फिर किसी आश्रम में। लेकिन जब एक औरत धोखा खाती है तो वो मिलती है किसी तवायफ के कोठे पे, ज़माने की ठोकरों में, या फिर जीतेजी एक जहन्नुम में। कहते हैं सब कुछ बदल गया, दुनिया बदल गयी, ज़माना बदल गया, इंसान के तौर-तरीके बदल गए, इंसानी साज़-ओ-सामान बदल गया। हाँ बदला तो बहुत कुछ है लेकिन क्या इन्साफ बदल सकता है, क्या क़ातिल मज़लूम बन सकता है, क्या राक्षस को देवता कह सकते हैं, क्या जान लेने वाला जान बचाने वाले से बड़ा बन सकता है। ये इंसान के बनाये हुए कानून हैं, जो बदलते रहते हैं। ऐसा हर कानून ख़त्म हो जायेगा जो क़ानून-ए-क़ुदरत के खिलाफ बनेगा। और ऐसे कानून को एक दिन खत्म होना ही होगा। इंसानी तारीख ने न जाने कितने ऐसे क़ानून देखे हैं। कभी चिताओं में जलती हुई ज़िंदा औरतें, सरे-बाज़ार बिकते हुए लोग, पैदा होते ही दफ़न होती हुई मासूम बच्चियाँ,सफ़ेद कपड़ों में लिपटी हुईं ज़िंदा देवियां, इंसान की कमर से बंधी हुई झाड़ूएं, एक ख़ास तबके के लिए इबादतगाह के बंद दरवाजे। ये सब यह...

तस्वीर और अल्फ़ाज़:

जब भी किसी तस्वीर को देखता हूँ तो ज़ेहन में कुछ अल्फ़ाज़ आ जाते हैं, ऐसा महसूस होता है जैसे तस्वीर ने ही कुछ कहा हो, जैसे तस्वीर बात कर रही हो। फिर ये ख्याल आता है कोई और इसको देखेगा तो कुछ और ही सोचेगा। अगर ये तस्वीर बोलती है तो कुछ और ही सुनेगा। कुछ लोग ये दावा करते हैं के वो तस्वीर को पढ़ना जानते हैं, तो हर पड़ने वाला कुछ अलग ही पड़ेगा। कहते हैं के लिखे हुए अल्फ़ाज़ को तो सब पड़ लेते हैं लेकिन तस्वीर पे तो कुछ भी नहीं लिखा फिर लोग इसे कैसे पड़ते हैं। फिर इस बात का ख्याल आता है के लिखे हुए को पड़ तो सब लेते हैं पर ज़रूरी नहीं सब समझ भी लेते हों। तस्वीर को देखते तो सभी हैं पर ज़रूरी नहीं सब इसे पड़ भी लेते हों। हर तस्वीर बनाने वाला यही सोचता होगा के उसकी तस्वीर यादगार बन जाए और इससे भी ज़्यादा ये सोचता होगा के कोई इसको समझे और बताये यह तस्वीर क्या कहती है, क्या दास्तान बयां करती है। तस्वीर पे ना कुछ लिखा होता है न इसकी कोई ज़ुबाँ होती है फिर भी हर पड़ने वाला इसको पड़ लेता है। यहाँ कोई चेहरे को तस्वीर की शक्ल देना चाहता है तो कोई तस्वीर को लफ़्ज़ों में उतारना चाहता है, कोई नयी तस्वीर बनाना चाहता है त...